दरभंगा में ट्रैक्टर से बचने के दौरान पलटी 102 एंबुलेंस, चालक का हाथ टूटा; कई लोग घायल
Darbhanga News: दरभंगा जिले में मंगलवार को एक सड़क हादसे में डायल-102 एंबुलेंस पलट गई। हादसा अतरवेल-जाले पथ पर सैनिक पेट्रोलियम पंप के पास हुआ। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, सड़क पर अचानक आए ट्रैक्टर से बचने की कोशिश के दौरान एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में चालक समेत कई लोग घायल
हादसे में एंबुलेंस चालक मिंटू कुमार ठाकुर का हाथ टूट गया। एंबुलेंस में मौजूद EMT शिव नारायण साह समेत अन्य लोगों को भी चोटें आई हैं। बताया गया है कि सुलेखा देवी और शांति देवी को गंभीर चोटें लगी हैं।
घटना के समय एंबुलेंस में नवजात शिशु समेत करीब छह लोग सवार थे।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की मदद से घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
नवजात को घर पहुंचाने जा रही थी एंबुलेंस
मिली जानकारी के अनुसार, डायल-102 एंबुलेंस एक नवजात शिशु और उसकी मां को अस्पताल से घर पहुंचाने जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में यह दुर्घटना हो गई।
प्राथमिक उपचार के बाद एंबुलेंस चालक की स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMCH) रेफर किया गया। अन्य घायलों का भी इलाज कराया गया।
अचानक सड़क पर आया ट्रैक्टर
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, खेत की ओर से एक ट्रैक्टर अचानक सड़क पर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में एंबुलेंस चालक ने वाहन को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन एंबुलेंस सड़क पर पलट गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। दुर्घटनाग्रस्त एंबुलेंस को सड़क से हटाकर थाने ले जाया गया है। पुलिस की ओर से फरार बताए जा रहे ट्रैक्टर चालक की तलाश की जा रही है।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस मामले की जांच कर रही है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों और जिम्मेदार वाहन चालक की भूमिका को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज किए जाने की बात भी सामने आई है।