किशनगंज में दर्दनाक हादसा: मिट्टी का टीला धंसने से एक ही परिवार की तीन बच्चियों की मौत
इंफ्लोवायर | बिहार खबर | 4 नवंबर 2026
बिहार के किशनगंज से एक बेहद दर्दनाक खबर सामने आई है। यहां घर की लिपाई-पोताई के लिए मिट्टी लेने गईं तीन मासूम बच्चियों की मिट्टी के टीले में दबने से मौत हो गई।
हादसा दिघलबैंक प्रखंड की हरुवाडांगा पंचायत के सुल्तानगंज गांव स्थित वार्ड संख्या 10 में हुआ।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार को तीनों बच्चियां घर के पास मिट्टी खोदने गई थीं। इसी दौरान अचानक मिट्टी का भारी टीला भरभराकर उनके ऊपर गिर पड़ा। देखते ही देखते तीनों बच्चियां मिट्टी के नीचे दब गईं। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों ने फावड़े और कुदाल की मदद से मिट्टी हटाकर बच्चियों को बाहर निकालने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद तीनों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
मृत बच्चियों की पहचान नगमा प्रवीण (10 वर्ष), निशा प्रवीण (9 वर्ष) और रूबी खातून (8 वर्ष) के रूप में हुई है। नगमा और निशा सगी बहनें थीं, जबकि रूबी उनकी चचेरी बहन थी। बताया जा रहा है कि तीनों बच्चियां एक ही परिवार से थीं। इस हादसे ने परिवार की खुशियां छीन ली हैं। एक साथ तीन मासूमों की मौत से पूरे सुल्तानगंज गांव में मातम पसरा हुआ है।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीओ अनिकेत कुमार के अनुसार, प्रशासन की ओर से मामले की जानकारी जुटाई जा रही है और परिजनों से बातचीत की जा रही है।