बिहार में इंजीनियर के ठिकानों पर SVU की रेड, 3.28 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा!
4 नवंबर 2026 | Saharsa | Bihar News
बिहार में भ्रष्टाचार के खिलाफ निगरानी एजेंसी ने एक बड़ी कार्रवाई की है। सहरसा में तैनात पथ निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता विजय कुमार के कई ठिकानों पर स्पेशल विजिलेंस यूनिट यानी SVU ने एक साथ छापेमारी की है।
यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में की गई है। जांच एजेंसी की प्रारंभिक पड़ताल में विजय कुमार के पास उनकी ज्ञात वैध आय से करीब 3 करोड़ 28 लाख 70 हजार 600 रुपये अधिक की संपत्ति होने का मामला सामने आया है। यह उनकी वैध आय से लगभग 139.87 प्रतिशत अधिक बताई गई है।
SVU की टीम ने बुधवार को पटना, सहरसा और औरंगाबाद में कुल पांच ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया
सहरसा में उनके सरकारी कार्यालय और आवास की तलाशी ली गई। वहीं पटना के दानापुर स्थित गोला रोड और महेश नगर में भी टीम पहुंची। इसके अलावा उनके गृह जिले औरंगाबाद के दाउदनगर स्थित पैतृक आवास को भी जांच के दायरे में लिया गया। इस कार्रवाई में पटना के गोला रोड स्थित साईं शरणम् आवासीय परिसर से 31 लाख 42 हजार रुपये नकद मिलने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा बैंक खातों में करीब 10 लाख रुपये की एफडी, 23 लाख 23 हजार रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और एलआईसी तथा टाटा एआईए में निवेश से जुड़े दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं।
जांच एजेंसी को उनकी पत्नी के नाम पर मौजूद कई भूखंडों, फ्लैट और बैंक खातों से संबंधित कागजात भी मिले हैं।
SVU की आधिकारिक जानकारी के मुताबिक, विजय कुमार ने 22 दिसंबर 2004 को सरकारी सेवा में योगदान दिया था। इसके बाद पटना, गया और सहरसा समेत विभिन्न स्थानों पर पदस्थापन के दौरान उनकी संपत्ति और आय के स्रोतों की जांच की गई। इस मामले में SVU थाना कांड संख्या 27/2026 दर्ज किया गया है। जांच भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत आगे बढ़ाई जा रही है। फिलहाल एजेंसी की ओर से अलग-अलग ठिकानों से मिले दस्तावेजों और संपत्तियों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।
अब सवाल यह है कि सरकारी सेवा में रहते हुए अर्जित की गई संपत्ति का कितना हिस्सा वैध आय के स्रोतों से जुड़ा है और जांच में सामने आए दस्तावेज आगे क्या खुलासे करते हैं?
इस पर सबकी नजर SVU की अगली कार्रवाई पर रहेगी।