पटना में पुलिसकर्मी ने पहले बहन फिर खुद को मारी गोली; दानापुर में दो मौतों से हड़कंप
Inflowire Desk / Patna / 23 Sep 2026
पटना/दानापुर: पटना से सटे दानापुर में मंगलवार रात एक पुलिसकर्मी और उसकी बहन की गोली लगने से मौत हो गई। घटना नासरीगंज की मिथिला कॉलोनी में किराये के मकान में हुई। शुरुआती पुलिस जांच के मुताबिक पुलिसकर्मी ने पहले अपनी बहन को गोली मारी और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली।
घटना की सूचना मिलने के बाद दानापुर पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घटनास्थल से पुलिसकर्मी की सर्विस रिवॉल्वर और गोली के खोखे बरामद किए गए हैं। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया।
मंगलवार रात घर में चलीं गोलियां
पुलिस के अनुसार घटना 22 सितंबर की रात गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो कमरे में दोनों भाई-बहन मृत मिले। शुरुआती जांच में सामने आया कि पुलिसकर्मी ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से बहन को गोली मारी और फिर खुद को गोली मार ली। हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हुई है।
मोतिहारी में तैनात था पुलिसकर्मी
जानकारी के मुताबिक मृत पुलिसकर्मी बिहार पुलिस में तैनात था और उसकी पोस्टिंग मोतिहारी जिले में थी। वह दानापुर स्थित अपने परिवार के पास आया हुआ था। मृतक की पहचान ओमचंद्र के रूप में हुई है ,जबकि बहन की पहचान पार्वती कुमारी के रूप में हुई है !
सर्विस हथियार से हुई फायरिंग
घटनास्थल की जांच के दौरान पुलिस ने सर्विस हथियार और खोखे बरामद किए। एफएसएल टीम ने भी मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कमरे के अंदर घटनाक्रम किस क्रम में हुआ और गोली चलाने की वजह क्या थी।
पारिवारिक विवाद की आशंका, वजह की जांच जारी
शुरुआती जांच में पुलिस को भाई-बहन के बीच विवाद या पारिवारिक परिस्थितियों से जुड़े पहलुओं की जानकारी मिली है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसे घटना की अंतिम वजह नहीं बताया है।
पुलिस परिवार के सदस्यों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक जांच से भी मामले की परिस्थितियों को समझने में मदद मिलने की उम्मीद है।